फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागेश्वर: 64 साल पुराने सरयू-गोमती पुलों पर खतरा, हाइट गेज टूटने के बाद भी दौड़ रहे भारी वाहन

Sun, 22 Nov 2026 01:23 PM IST
गायत्री जोशी कमल कांडपाल

सार

सरयू और गोमती नदी पर बने 64 साल पुराने पुलों की जर्जर हालत के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। रिपोर्ट में पुलों को जोखिमपूर्ण बताते हुए भारी वाहनों पर रोक लगाने की सिफारिश की गई थी, लेकिन हाइट गेज टूटने के बाद भी रोक नहीं लग पाई है।
विज्ञापन
बागेश्वर में गोमती पुल से गुजरती बस। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बागेश्वर नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए के किमी 132 और 133 पर सरयू और गोमती नदी पर बने 55-55 मीटर स्पान के पुलों की सेहत को लेकर सामने आई हेल्थ मॉनिटरिंग रिपोर्ट और प्रशासनिक पत्राचार ने विभाग और पुलिस की निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। वर्ष 1962 में बने करीब 64 साल पुराने इन पुलों पर भारी वाहनों और बसों के संचालन को जोखिमपूर्ण बताते हुए रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन हाइट गेज क्षतिग्रस्त होने के बाद पुलों पर भारी वाहनों की आवाजाही बेरोकटोक जारी है। इससे पुलों की संरचना को नुकसान पहुंचने और किसी बड़े हादसे की आशंका से लोग चिंतित हैं, वहीं एनएच और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

अर्बनबिल्ड की ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2026 में हुए निरीक्षण और परीक्षण में गोमती नदी के पुल में कई संरचनात्मक खामियां सामने आईं। रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त एक्सपेंशन ज्वाइंट से पानी रिसाव, बेयरिंग और बॉटम कॉर्ड में जंग लगने, गसेट प्लेट और ब्रेसिंग के क्षरण, एबटमेंट के आधार पर कटाव और मलबे के जमाव का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट सुझाव दिया गया था कि अपग्रेडेशन और पुनर्वास कार्य पूरा होने तक हाइट बैरियर लगाकर भारी वाहनों और बसों का आवागमन तुरंत रोका जाए और वैकल्पिक मार्ग के लिए अग्रिम सूचना संकेत लगाए जाएं।

प्रशासनिक स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर पत्राचार हुआ। पांच मई को डीएम कार्यालय से जारी पत्र में 30 अप्रैल 2026 की समीक्षा बैठक का हवाला देते हुए पुलों से भारी वाहनों का आवागमन रोकने के लिए पुलिस, परिवहन और व्यापार मंडल के साथ संयुक्त बैठक कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद सात मई 2026 को राजमार्ग खंड लोनिवि रानीखेत के ईई के पत्र में सरयू और गोमती पुलों की स्थिति को अत्यंत जर्जर और संवेदनशील बताते हुए भारी वाहनों व बसों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने, वैकल्पिक रूट मैप लागू करने और नए पुलों के निर्माण की प्रक्रिया प्रस्तावित करने का उल्लेख किया गया। इसके बावजूद जमीनी हकीकत यह है कि हाइट गेज क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों का गुजरना थम नहीं रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब रिपोर्टों में ही पुलों की भार वहन क्षमता प्रभावित होने और हादसे की आशंका जताई जा चुकी है, तो हाइट गेज टूटने के बाद भी सख्त रोक क्यों नहीं लग पा रही है।

संरचनात्मक विफलता से बड़े हादसे की आशंका

वर्ष 1962 में निर्मित सरयू और गोमती पुलों के मुख्य संरचनात्मक अवयव जंग लगने और लगातार पानी के रिसाव के कारण अत्यधिक क्षीर्ण हो चुके हैं जिससे इनकी भार वहन क्षमता गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के ईई के पत्र और ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग रिपोर्ट में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि वर्तमान जर्जर स्थिति में इन पुलों पर भारी वाहनों व बसों का संचालन जनसुरक्षा के लिए बेहद जोखिमपूर्ण है। पत्र में आशंका जताई गई है कि किसी भी संभावित संरचनात्मक विफलता की स्थिति में गंभीर दुर्घटना, जनहानि और व्यापक क्षति हो सकती है। इसके बावजूद हाइट गेज टूटने के बाद भी भारी वाहनों का धड़ल्ले से गुजरना किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रहा है।

हेल्थ मॉनिटरिंग रिपोर्ट के आधार पर सरयू और गोमती पुलों पर भारी वाहनों और बसों के आवागमन को लेकर प्रशासन और पुलिस को प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग के लिए पत्र और रूट मैप भेजा जा चुका है, साथ ही पुलों के उच्चीकरण और नए निर्माण की दिशा में कार्यवाही गतिमान है। पुलों की सुरक्षा और यातायात प्रतिबंधों के प्रभावी अनुपालन के लिए संबंधित विभागों और पुलिस के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। -पीजी गोस्वामी, एई, एनएच

विज्ञापन


सरयू और गोमती पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बनाए गए हाइट गेज एनएच के हैं और उनके क्षतिग्रस्त होने के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और हाइट गेज क्षतिग्रस्त करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अजय लाल, सीओ, बागेश्वर

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें