बागेश्वर। श्रम कानूनों का पालन तो दूर विभाग खुद नियम तोड़ रहा है। सन्निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण नहीं किया जा रहा। दूरदराज से विभाग आए श्रमिक बैरंग लौट रहे हैं। श्रमिकों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इस आशय की शिकायत की है। उन्होंने नियमावली के तहत पंजीकरण की मांग उठाई।
सोमवार को भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले जिले भर के तमाम श्रमिक कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने श्रम विभाग द्वारा पंजीकरण न करने पर विरोध जताया। श्रमिकों ने कहा कि विभाग खुद श्रमिकों के शोषण कर रहा है। दूरदराज से आए तमाम श्रमिकों को विभाग से लौटा दिया जा रहा है। श्रमिकों के आवेदन लेने में आनाकानी की जा रही है। इससे तमाम श्रमिक पंजीकरण से वंचित हैं।
पंजीकरण कराने के लिए परेशान श्रमिक इधर से उधर भटक रहे हैं। लेकिन कार्यवाही नहीं हो रही। विभाग के इस रुख से उन्हें सरकार की योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्रमिकों ने डीएम को इस आशय का ज्ञापन भी सौंपा। कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो उन्हें विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करना पड़ेगा। उन्होंने डीएम से जल्द पंजीकरण करवाने की मांग की। इस मामले में डीएम का कहना है कि शिकायतों का परीक्षण कराया जा रहा है। इस दौरान संघ जिला प्रभारी गणेश सिंह बोरा, दरबान सिंह, केसर सिंह, भुवन चंद्र, नीरज सिंह आदि थे।