बागेश्वर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीण स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा की। हर गर्भवती महिला का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने और हाई रिस्क गर्भवती महिला का पूरा डाटा आशा, एएनएम और स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली आयरन की गोलियों की आपूर्ति नहीं होने पर विभाग को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से लिगांनुपात के सही आंकड़े प्रस्तुत नहीं करने पर डीएम ने फटकार लगाई।
अंधता निवारण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में नेत्र शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
जिले में क्षय रोग के 159 मरीज
जिले में क्षय रोग के 159 मरीज हैं। इन सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यह जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक में डॉ. एनएस टोलिया ने दी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत मार्च महीने तक 1,465 मरीजों के बलगम का परीक्षण किया गया। इसमें 159 मरीज पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों का उपचार चल रहा है।