बागेश्वर। सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई कपकोट नगर के ऐठाण वार्ड के जाजर तोक की पाइप लाइन का सुधार नहीं होने से नाराज लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने शीघ्र पेयजल लाइन का सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रविवार को जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उपभोक्ताओं ने कहा कि सड़क के कलमठ निर्माण के दौरान दो दिन पहले जाजर तोक को आपूर्ति करने वाली पाइप लाइन टूट गई थी। अभी तक इस लाइन को सुधारा नहीं गया है।
इससे दो दर्जन से अधिक परिवारों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को हैंडपंप और नदी से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। लोगों का अधिकांश समय पानी जुटाने में ही बीत रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने जल संस्थान से शीघ्र क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन का सुधार कर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। चेतावनी दी कि सोमवार तक आपूर्ति सुुचारु नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।