बागेश्वर कलेक्ट्रेट में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते भेटालगांव के लोग?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले के स्कूलों में बदहाल शिक्षा व्यवस्था से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। कई स्कूलों में विद्यार्थी शिक्षकों के बिना पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इन्हीं स्कूलों में जीआईसी भेटा भी शामिल है। भेटा के लोगों नेे शिक्षकों की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
डीएम रंजना राजगुरु को सौंपे ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने कहा है कि जीआईसी भेटा में इंटरमीडिएट में कला और विज्ञान वर्ग के 60 विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। इंटर की कक्षाओं को पढ़ाने के लिए विद्यालय में मात्र एक प्रवक्ता तैनात है। शिक्षकों कमी के कारण पढ़ाई बाधित हो रही है। यह विद्यालय चार ग्राम सभाओं के बीच मौजूद है। विद्यालय की बदहाली को देखते हुए तमाम अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर भेज चुके हैं।
अभिभावकों का कहना है कि शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। डीएम ने इस मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए निर्देशित करने की बात कही है। ज्ञापन सौंपने वालों में बीडीसी सदस्य कमला देवी, अंजू देवी, भेटा के प्रधान उमेश कुमार, माणाकमड़ा की प्रधान ज्योति देवी, अभिभावक शिक्षक समिति के अध्यक्ष बसंत कुमार जोशी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष त्रिवेंद्र कुमार, बसंत कुमार नेगी, प्रकाश राम, कमला देवी, नथुली देवी, त्रिवेंद्र कुमार, गोकुल सिंह, गणेश कुमार, ललित चंद्र जोशी आदि शामिल थे।