उत्तराखंड की परिषदीय परीक्षा 2018 की परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति के संबंध में डीएम रंजना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक हुई। डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही भवन की स्थिति, पेयजल, विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को उनके पास के परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाए। 75 से अधिक परीक्षार्थियों की संख्या वाले शासकीय या अशासकीय विद्यालयों को केंद्र बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2018 के लिए जिले में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में जिलास्तरीय केंद्र निर्धारण समिति के द्वारा 68 छात्र संख्या वाले राजकीय इंटर कॉलेज माजखेत, 62 की छात्र संख्या वाले राजकीय इंटर कॉलेज रातिरकेठी और 71 की छात्र संख्या वाले राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ऐठाण की विषम भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए इन्हीं विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाने की संस्तुति की गई। इसके अलावा राइंका लोहारचौरा को भी केंद्र बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 की परिषदीय परीक्षा में परीक्षा केंद्र राइंका तुपेड़, इंटर कॉलेज घिंघारूतोला एवं राइंका छत्यानी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस वर्ष इन विद्यालयों की छात्र संख्या मानक के अनुसार 75 से कम होने के कारण केंद्र नहीं बनाया गया है। वहीं विवेकानंद विद्यामंदिर इंटर कॉलेज मंडलसेरा मान्यता प्राप्त विद्यालय होने के कारण समिति द्वारा परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीईओ ने बताया कि वर्ष 2018 की हाइस्कूल परिषदीय परीक्षा संस्थागत में कुल 4725 (2229 बालक व 2496 बालिकाएं) परीक्षार्थी परीक्षा पंजीकृत हैं।
हाइस्कूल व्यक्तिगत परीक्षा में 96 बालक व 62 बालिकाएं सहित कुल 160 पंजीकृत हैं। इसी तरह इंटर बोर्ड की संस्थागत परीक्षा में 2085 बालक व 2215 बालिकाओं सहित कुल 4300 तथा व्यक्तिगत परीक्षा में 122 बालक व 112 बालिकाओं सहित कुल 234 परीक्षार्थी पंजीकृत है। बैठक में सीईओ हरीश रावत, डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत आदि थे।
जिले में 12 हैं संवेदनशील केंद्र
इंटर कालेज दफोट, राइंका देवतोली, राइंका कर्मी, राइंका बघर, राइंका सौंग, राइंका माजखेत, राजकीय इंटर कॉलेज सूपी, राइंका सलानी, राइंका अमस्यारी, राइंका बदियाकोट, राइंका सोराग और राइंका रातिरकेटी संवेदनशील केंद्रों में शामिल हैं।