बागेश्वर। वन पंचायत संगठन के जिला इकाई के बैनर तले सरपंचों ने शनिवार को जन जागरण चेतना रैली निकाली। सरयू बगड़ में आयोजित सभा में सरपंचों ने सरयू का जल हाथ में लेकर वनों की आग से सुरक्षा करने और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधों का रोपण करने का संकल्प लिया।
सुबह कई सरपंच राधाकृष्ण मंदिर में एकत्र हुए। वहां से वह ढोल-नगाड़ों के साथ नगर के विभिन्न हिस्सों से होकर नारेबाजी करते हुुए सरयू बगड़ पहुंचे। उन्होंने सरयू का निर्मल जल हाथ में लेकर जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा करने का संकल्प लिया।
इसके बाद उन्होंने समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को ज्ञापन सौंपा। संकल्प लेने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष पूरन रावल, नरेंद्र परिहार, मदन मेहता, बसंत खुल्बे, मदन मोहन उपाध्याय, ईश्वरी जोशी, दिनेश लोहनी, डुंगर सिंह, गिरीश उप्रेती, भगवान सिंह माजिला, भूपेंद्र सिंह और पंकज बिष्ट आदि थे।