बागेश्वर। बिलौना-सप्तेश्वर मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर साताप्यारा के ग्रामीणों का क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशनकारियों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर भी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।
शांतेश्वर मंदिर परिसर में चल रहे क्रमिक अनशन में बृहस्पतिवार को सोबन सिंह, चंदन सिंह, आनंद सिंह, हयात सिंह और पूरन सिंह बैठे। वक्ताओं ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर आज तक क्षेत्र की जनता के साथ छल किया गया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक साताप्यारा क्षेत्र की जनता अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर अनशनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। वहां राजेंद्र सिंह, बालम सिंह, विशन सिंह, महेंद्र सिंह, पुष्कर सिंह, खीम सिंह, आनंद सिंह मेहता आदि थे।