बागेश्वर। डाकघर के पास प्रशासन की ओर से व्यापारी की दुकान ध्वस्त किए जाने के बाद व्यापारी ने खुले आसमान के नीचे दुकान खोल दी। इसकी जानकारी मिलते ही एनएच के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उससे सामान हटाने को कहा। इससे दोनों के बीच बहस हो गई। बहस के चलते अन्य व्यापारी भी विरोध पर उतर आए। इससे अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा। बता दें कि डाकघर के पास चार दिन पहले प्रशासन ने एक व्यापारी के टिनशेड को ध्वस्त कर दिया था। बृहस्पतिवार को एनएच के किनारे ध्वस्त किए गए स्थान पर ही व्यापारी ने सामान बेचना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर एनएच के कुछ अधिकारी मौके पर आए और व्यापारी को सामान हटाने को कहा। इससे सभी व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर एक गरीब व्यापारी का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने फड़ लगाकर गुजर-बसर कर रहे व्यापारी को प्रताड़ित करने पर आंदोलन की चेेतावनी दी। इस दौरान एनएच के अधिकारी और व्यापारियों के बीच बहस भी हुई। व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए एनएच के अधिकारी मौके से चले गए। व्यापार मंडल उपाध्यक्ष गौरव कठायत, देवेंद्र अधिकारी, शेर सिंह मलड़ा आदि व्यापारियों ने कहा है कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नही किया जाएगा।