स्वच्छ भारत अभियान के मिशन कायाकल्प कार्यक्रम के तहत यहां मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सभागार में कार्यशाला हुई। जिसमें अस्पतालों आदि चिकित्सा इकाइयों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि राज्य में सबसे साफ एक अस्पताल को 50 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि मिशन कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा इकाइयों को स्वच्छ रखने की सोच शामिल है। इसके तहत शुुचिता, संक्रमण नियंत्रण को प्रोत्साहित किया जाना है। इसके मानकों के आधार पर राज्य में एक अस्पताल का चयन किया जाएगा।
जिसे 50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों, डॉक्टरों का आह्वान किया गया कि वह अपने अस्पताल को स्वच्छ रखकर इस पुरस्कार के योग्य बनाएं। उन्हें स्वच्छता के मानक भी बताए गए।
कार्यशाला में डॉ. बीएस सामंत, डॉ. केके सिंह, डॉ. बीके सक्सेना, डॉ. मिथिलेश रस्तोगी आदि ने विचार रखे। वहां जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स, जिले के चिकित्साधिकारी, फार्मेसिस्ट, हेल्थ विजिटर्स, स्वच्छक, ग्रामीण उत्थान समिति कपकोट के समन्वयक उपस्थित थे।