बागेश्वर। उपनल कर्मचारियों ने नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग मुखर कर दी है। उपनल कर्मियों ने उपेक्षा का आरोप लगाते हुए शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को बागनाथ मंदिर परिसर में आयोजित उपनल कर्मचारियों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिले के विभिन्न विभागों में तीन सौ उपनल कर्मी अल्प मानदेय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बाद भी उनकी अनदेखी की जा रही है। नियमितीकरण, न्यूनतम मानदेय 21 हजार रुपये मासिक करने और समान कार्य का समान वेतन देने की मांग पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
इसके चलते सभी उपनल कर्मी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रदीप सनवाल ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं देती है तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बैठक में विनोद कुमार जोशी, मदन प्रसाद, भानुप्रिया, चंदन सिंह, सुधीर कुमार, गिरीश चंद्र, विमल थापा, चंद्रशेखर जोशी, जिला महिला उपाध्यक्ष नेहा कुसुम, मदन प्रसाद, गणेश सिंह, पवन सिंह, संजय सिंह, देवेंद्र पांडे आदि मौजूद थे। उपनल कर्मियों के आंदोलन को विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया है।