बागेश्वर। राज्य खाद्य योजना का राशन बंद कर उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी डालने का सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। सस्ता गल्ला विक्रेता चार अक्तूबर से खाद्यान्न गोदाम में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
मंगलवार को सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने राधाकृष्ण मंदिर में बैठक कर एसएफआई का राशन बंद करने पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का यह निर्णय गलत है।
उन्होंने मिट्टी तेल की आपूर्ति करने, विक्रेताओं को एनएफएसए, अंत्योदय और एमडीएम भाड़े का भुगतान शीघ्र करने, गोदाम से राशन तोलकर देने, एसएफआई का कमीशन 143 रुपये करने की मांग को लेकर चार अक्तूबर से खाद्यान्न गोदाम में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
बाद में मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी भी की गई। बैठक में सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के अध्यक्ष लछम सिंह मेहरा, सचिव गणेश रावत, नवीन चंद्र आर्या, भूपाल सिंह, प्रताप सिंह, नारायण, पुष्कर सिंह, पूरन सिंह, ठाकुर सिंह, खीम सिंह आदि थे।