बागेश्वर। बरसात के दौरान बालीघाट-रीमा-धमघर सड़क पर मलबे को अभी तक साफ नहीं किया जा सका है। न ही बारिश से क्षतिग्रस्त इस सड़क की दीवारों को ठीक जा सका है। जिससे इसकी हालत काफी खराब बनी हुई है। सड़क पर दुर्घटना होने का भय बना हुआ है। पुंगरघाटी विकास मंच के पदाधिकारियों ने लोनिवि और पीएमजीएसवाई से सड़क की हालत जल्द ठीक करने की मांग की है।
मालूम हो कि बालीघाट-रीमा-धरमघर का एक हिस्सा लोनिवि कपकोट के और दूसरा हिस्सा पीएमजीएसवाई के अधीन है। बरसात के दौरान यह मार्ग करूली से चिड़ंग के पास क्षतिग्रस्त हो गया था। बरसात के दौरान सड़क पर पड़े मलबे को अभी नहीं हटाया जा सका है। इसके अलावा सड़क की क्षतिग्रस्त दीवारें अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। पुंगरघाटी विकास मंच के अध्यक्ष राजेश रौतेला और प्रवक्ता हरीश कालाकोटी ने बताया कि सड़क की दशा सुधारने के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है।
लेकिन आज तक इस पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से सड़क को शीघ्र सुचारु करने हेतु लोनिवि को निर्देश देने की मांग की है। लोनिवि कपकोट के ईई एसके पांडे ने बताया बरसात के क्षति का आकलन करके प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया था। अभी तक बजट नहीं मिल पाया है। बजट मिलते मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।