बागेश्वर। काफलीगैर तहसील में डिग्री कालेज की स्थापना की कवायद शुरू हो गई है। भटखोला के पांच दानवीरों ने कालेज की स्थापना के लिए अपनी 100 नाली नाप भूमि नि:शुल्क देने की घोषणा की है। उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशक के नाम का पत्र राइंका भटखोला को सौंप दिया है। शासन से बच्चों के हित में कालेज की स्थापना के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
मालूम हो कि जिले के कुल छह तहसीलों में काफलीगैर तहसील के ही बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इस तहसील की आबादी करीब 55 हजार है। इस क्षेत्र में पांच राजकीय इंटर कालेज हैं इनमें काफलीगैर, भटखोला, देवलधार, बोहाला और सैंज हैं। इन विद्यालयों से हर साल डेढ़ हजार से भी अधिक बच्चे इंटर की पढ़ाई पूरी करते हैं। क्षेत्र में उच्च शिक्षा का कोई कोई इंतजाम नहीं हैं। बच्चों को इंटर से आगे की पढ़ाई के लिए यहां से 15 से 55 किमी दूर जिला मुख्यालय या फिर अल्मोड़ा जाना पड़ता है।
संपन्न घरों के बच्चे तो दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर लेते हैं, लेकिन निर्धन तबके के बच्चे इंटर से आगे की पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों की मांग पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने 22 दिसंबर 2015 को मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर महाविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि और भवनों की स्थिति को लेकर पत्र भेजकर शीघ्र आख्या देने के निर्देश दिए थे। इस पत्र के क्रम में सीईओ ने राइंका भटखोला को आख्या देने के निर्देश दिए थे। इसकी जानकारी मिलने पर क्षेत्र के जागरूक लोगों ने कालेज की स्थापना के लिए कई जगह भूमि की तलाश की। भटखोला गांव के सामाजिक कार्यकर्ता धर्मानंद भट्ट, हरीश चंद्र भट्ट, जय किशन भट्ट, धर्मानंद भट्ट और हरीश चंद्र भट्ट ने ग्राम पंचायत भटखोला के पाताल छोई तोक में अपनी 100 नाली नाप भूमि नि:शुल्क देने की घोषणा की है। उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशक के नाम का पत्र राइंका भटखोला के प्रधानाचार्य को सौंप दिया है। शासन-प्रशासन से महाविद्यालय की स्थापना की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से भी इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की मांग की है। इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरीश चंद्र सिंह रावत ने बताया कि भूमि का प्रस्ताव मिलने पर उसे उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दिया जाएगा।
कार्यालयों में भ्रष्टाचार का आरोप
बागेश्वर। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के आप नेता आनंद कपकोटी ने क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार होने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने डीएम से भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों को हटाने और मामले की जांच करने मांग की है। जांच न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में देने वालों मे दिनेश गोस्वामी, लाल सिंह कपकोटी, तारा सिंह, खष्टी कपकोटी, रमेश राम, मनी राम किशन राम आदि शामिल थे।