बागेश्वर। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आवासहीनों का सर्वे किया जाएगा। इसके आधार पर जरूरतमंदों को आवास मुहैया कराए जाएंगे। सर्वे के लिए विकास अधिकारियों के साथ ही ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोमवार शाम जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा ने यह निर्देश जारी किए। उन्होंने बीडीओ, वीडीओ, क्षेपं सदस्य, ग्राम प्रधानों से संयुक्त रूप से सर्वे करने को कहा। टम्टा ने हर ग्राम पंचायत में ब्रॉडबैंड लगाने, कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत डाकघरों को सात दिन के भीतर जॉब कार्ड धारकों को भुगतान करने को कहा। उन्होंने पीएमजेएसवाई एसई को मोटर मार्गों की जीओ टैगिंग का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम रंजना राजगुरु, सीडीओ एसएस पांगती, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, पूर्व जिपं अध्यक्ष दीपा आर्या, जिपं सदस्य एसएस बिष्ट, सुरेश कांडपाल आदि थे।
ड्रोन कैमरे से होगी पेयजल संकट की निगरानी
बागेश्वर। नगर के सर्वाधिक पेयजल संकटग्रस्त मंडलसेरा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। बैठक के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को कैमरे से निगरानी कराने के निर्देश जारी किए। उन्होंने पेयजल का सिंचाई कार्यों में उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने को कहा। साथ ही अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।