बागेश्वर। ब्लॉक के सुदूरवर्ती राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय में डॉक्टर नहीं होने से अस्पताल में अधिकांश ताला लगा रहता है। आलम यह है कि अस्पताल में तैनात दंत चिकित्सक यहां केवल दो दिन के लिए ही रुका। उसके बाद से वह नदारद है। एएनएम सेंटर धपोलासेरा के फार्मेसिस्ट को सप्ताह में चार दिन खातीगांव का कार्यभार देखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को इलाज के लिए 30 किमी दूर कांडा जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल होने से लोगों में भारी गुस्सा है। गुस्साए लोगों ने जल्द डॉक्टर की तैनाती नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
राजकीय ऐलोपैथिक चिकित्सालय खातीगांव में एक पखवाड़े पहले संविदा में तैनात डॉक्टर का नियमितीकरण के बाद अन्यत्र स्थानांतरण हो गया था। तब से अस्पताल मेें डॉक्टर का पद खाली पड़ा है। एएनएम सेंटर धपोलासेरा के फार्मेसिस्ट को सप्ताह में चार दिन इस अस्पताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस फरमान से धपोलासेरा क्षेत्र के लोगों में रोष है। अस्पताल में तैनात महिला पर्यावरण मित्र भी अस्पताल में नहीं रहती हैं। उसने अपने स्थान पर एक अन्य महिला को तैनात किया है। भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कृपाल सिंह रावत ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
अस्पताल में संविदा पर डॉक्टर की तैनाती शीघ्र होगी। लंबे समय से नदारद चल रहे दंत चिकित्सक का वेतन रोककर उन्हें सूचित कर दिया गया है। महिला सफाई कर्मी किन कारणों से अस्पताल में नहीं रहती है इसकी जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. जेसी मंडल, मुख्य चिकित्साधिकारी बागेश्वर।