बागेश्वर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। नाम वापसी के अंतिम दिन तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।
19 फरवरी को होने वाले चुनाव में केवल अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला होगा। अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी गोविंद सिंह भंडारी और चंद्रशेखर मिश्रा चुनाव मैदान में हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए कुंदन परिहार, सचिव के लिए मनोज कुमार जोशी, सह सचिव के लिए नवल किशोर भट्ट, कोषाध्यक्ष के लिए दिग्विजय सिंह जनौटी, पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए इंद्र सिंह धामी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए बसंत बल्लभ पाठक ने नामांकन कराए हैं।
इन सभी पदों पर एक-एक उम्मीदवार होने से इनका निर्विरोध चुना जाना तय है। चुनाव अधिकारी विनोद भट्ट ने बताया कि सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए। किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापसी के लिए आवेदन नहीं किया।