बागेश्वर। पालड़ीछीना क्षेत्र के ग्रामीणों की यहां हुई बैठक में पालड़ीछीना-जैन करास सड़क का निर्माण नहीं होने पर रोष जताया गया। बैठक में मांग के शीघ्र पूरी नहीं होने पर 21 दिसंबर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई। मांग के समर्थन में ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की।
चनौली के डानागोलू मंदिर परिसर में बीडीसी सदस्य पूरन चंद्र जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पालड़ीछीना-जैन करास सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को यातायात की सुविधा नहीं मिल पा रहा है।
वहीं गांव का विकास भी चौपट है। इस मांग को लेकर अब तक कई बार शासन प्रशासन को ज्ञापन दिए गए लेकिन उन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
तय किया गया कि 14 दिसंबर को इस मामले में डीएम, विधायक और लोनिवि के ईई से शिष्टमंडल मिलेगा। तय किया गया कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 21 दिसंबर को बागेश्वर-ताकुला-अल्मोड़ा सड़क में जाम लगाकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
वहां पूरन चंद्र, शंकर सिंह, देव सिंह, कैलाश सिंह, जीवन सिंह, मोहन चंद्र जोशी, सुरेश जोशी, पूरन चंद्र, नंदा बल्लभ, हरीश जनौटी आदि शामिल थे।