जिला अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में सेल काउंटर मशीन उपलब्ध हो गई है। इस मशीन से विभिन्न जांचें करने में काफी सुविधा मिलेगी। बता दें कि बागेश्वर जिला अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में अभी तक सभी जांचें मैनुअल होती थी। इसमें पैथोलॉजिस्ट को माइक्रोस्कोप से सेल्स की गणना करनी पड़ती थी। मैनुअल होने के कारण इसमें समय तो लगता ही था साथी प्लेटलेट्स की गिनती सहित अन्य जटिल बीमारियों की जांच में भी थोड़ी सी शंका रहती थी।
काउंटिंग मशीन उपलब्ध होने से प्लेट्सलेट्स, हीमोग्लोबिन, टीएलसी, डीएलसी और आरबीसी आदि जांचें सेल काउंटिंग मशीन के जरिए अब आसानी से हो सकेंगी। साथ ही मरीजों को जल्दी जांच रिपोर्ट भ्ी जल्दी उपलब्ध होगी। इस संबंध में जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बसंत ने बताया कि सेल काउंटर मशीन उपलब्ध हो गई है। सभी तरह की जांचें अब मशीन के जरिए हो सकेंगी। इससे मरीजों को काफी सुविधा मिल सकेगी।
एसडीएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण
बागेश्वर। एसडीएम एसएस राणा ने सोमवार को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी और होम्योपैथिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान होम्योपैथिक अधिकारी भ्रमण पर मिले। आयुर्वेदिक अस्पताल में दवाएं उचित ढंग से नहीं रखी गई थी। उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों को दवाओं का रखरखाव सही ढंग से करने के निर्देश दिए।