कपकोट। आखिरकार अमर उजाला में खबर छपने के बाद सिंचाई विभाग की नींद टूट गई। सिंचाई विभाग ने बंद पड़ी लोअर नहर में पानी चालू करा दिया है। इससे नहर बंद होने से जद में आए चार परिवारों से खतरा टल गया है वहीं काश्तकारों को भी सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
कपकोट में लोअर नहर कालीगुन से आगे बंद थी। नहर बंद होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी। पानी निकासी के लिए पाइप जोड़ने की अनुमति भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही थी। इससे मल्लाफेर के किशन राम, हरीश राम, राम प्रसाद, भूपाल राम के परिवारों पर पानी की तबाही का खतरा मंडरा रहा था।
इधर सिंचाई विभाग ने लोअर नहर से मलबा निकाल कर क्षतिग्रस्त हिस्से में पाइप जोड़ कर पानी निकासी को चालू कर दिया है। सोमवार को जेई तरुण लुम्याल ने नहर का निरीक्षण किया। नहर के चालू होने से तकरीबन 44 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।