बागेश्वर। शहर में घर-घर कूड़ा कलेक्शन का सर्वे पूरा हो चुका है। अब रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कूड़ा निस्तारण को लेकर ठोस नीति तैयार होगी।
स्वच्छता अभियान की हकीकत जानने के लिए शासन ने नगर पालिका को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन सर्वे करने के निर्देश दिए थे। इसमें शहर के 11 वार्डों में हर घर, घर में परिवारों की संख्या, कूड़ा कलेक्शन वाले घर-परिवारों की संख्या, कूड़ा कलेक्शन के इंतजाम, कूड़ा नहीं देने वालों की संख्या आदि का ब्योरा देना है। इस सर्वे को पूरा करने के लिए नगर पालिका ने 6 कर्मियों की छह टीमें बनाई थी।
इन टीमों को 27 अप्रैल तक सर्वे कर ब्योरा नगर पालिका को देना था। डाटा कलेक्ट होने के बाद नोडल अधिकारी की देखरेख में रिपोर्ट तैयार होगी। बाद में इसको शासन में भेजा जाएगा। इस रिपोर्ट के आधार पर शासन कूड़ा निस्तारण के लिए ठोस योजना तैयार करेगा।
ईओ राजदेव जायसी ने बताया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का सर्वे का काम पूरा हो चुका है। सोमवार को रिपोर्ट फाइनल कर शासन को भेजी जाएगी।