बागेश्वर। निकाय चुनाव तक बागेश्वर में जनता दरबार नहीं लगेगा। आचार संहिता को देखते हुए विशेष जन सुनवाई का यह कार्यक्रम चुनाव तक स्थगित कर दिया गया है। हालांकि डीएम अपने कार्यालय में क्षेत्रवासियों की हर फरियाद सुनेंगी। संबंधित विभागों में सीधे शिकायत का विकल्प भी खुला रहेगा।
प्रशासन ने रविवार को यह फैसला किया है। इसके तहत चुनाव तक जनता दरबार स्थगित कर दिया गया है। अब चुनाव के बाद ही कलक्ट्रेट में दरबार लगाकर समस्याएं सुनी जाएंगी। बता दें कि जनता की समस्याओं के निराकरण की मंशा से हर सोमवार कलक्ट्रेट सभागार में दरबार लगाया जाता है। इसमें जिले के नगर-कस्बों के साथ ही दूरदराज के गांवों से भी तमाम फरियादी आते हैं।
डीएम जिलास्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में हर फरियादी की समस्या सुनकर निस्तारण की कार्रवाई करते हैं। इस बीच निकाय चुनाव की आचार संहिता के चलते क्षेत्रवासी दरबार में शिकायत दर्ज नहीं करा पाएंगे। हालांकि उनके पास संबंधित विभागों और प्रशासन से शिकायत करने का रास्ता रहेगा। डीएम खुद अपने कार्यालय में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनेंगी।
कोट
आचार संहिता के चलते जन सुनवाई दिवस का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। लेकिन किसी भी समस्या पर शिकायत करने के विकल्प खुले हैं। क्षेत्रवासी किसी भी समस्या पर सीधे डीएम के कार्यालय में आकर संपर्क कर सकते हैं।- रंजना राजगुरु, जिला निर्वाचन अधिकारी, बागेश्वर