बागेश्वर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण सह जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने योजनाओं की त्रैमासिक समीक्षा की। ऋण जमा अनुपात की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंकर्स को विभागीय अधिकारियों के साथ सामंजस्य बनाकर ऋण जमा अनुपात में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि अगले तीन माह में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना सुनिश्चित करें।
किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण हेतु हर न्याय पंचायत में कैम्प लगाने को कहा। फसली ऋण क्षेत्र में बैंकर्स के द्वारा संतोषजनक वित्तपोषण न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के निर्देश दिए। अग्रणी बैंक अधिकारी रुद्र सिंह रावत ने ऋणजमा अनुपात बढ़ाने हेतु विभागों, बैंकों के बीच तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता बताई। बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, डीडीओ केएन तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्या, जिला उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, सहायक महाप्रबंधक रिजर्व बैंक दिग्विजय सिंह सजवाण, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड मनोज शर्मा आदि थे।