बागेश्वर। बागेश्वर में सोमवार सुबह भूकंप आया मगर राज्य आपदा परिचालन तंत्र को खबर तक नहीं लगी। जिला आपदा कंट्रोल रूम में भूकंप की सूचना नहीं थी। जिम्मेदार तंत्र की इस लापरवाही से आपात काल में सतर्कता और सजगता के दावों की कलई उतर गई है।
सोमवार सुबह लगभग 7:49 पर बागेश्वर में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मैग्निट्यूड थी लेकिन इस तरह की सूचनाओं और त्वरित कार्रवाई के लिए जिम्मेदार आपदा परिचालन तंत्र को भूकंप आने का पता नहीं चला। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम थी कि आमजन को महसूस तक नहीं हुआ।
अलबत्ता भूकंप आने और परिचालन केंद्र के बेखबर रहने से आपदा की तैयारी और सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सवाल उठ रहे हैं। प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से समूचा जिला संवेदनशील है। आपात हाल में जब आम जन को सूचना तक नहीं मिलेगी तो बचाव और राहत कार्य कैसे होंगे। उधर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से भूकंप के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली।