बागेश्वर के मंडलसेरा में पानी बांटता जल संस्थान का टैंकर।
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। मंडलसेरा में पानी की समस्या गहराती जा रही है। पेयजल योजना के स्रोत का डिस्चार्ज और घट गया है। जल संस्थान टैंकरों से वैकल्पिक आपूर्ति तो कर रहा है, लेकिन यह ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है। भारी मांग और न्यून आपूर्ति के चलते क्षेत्र में हाहाकार मच गया है। क्षेत्रवासियों को हैंडपंप और अन्य स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश के दिन अन्य दिनों की अपेक्षा पानी की ज्यादा मांग रहती है लेकिन स्रोत से काफी कम पानी मिलने के चलते अधिकांश घरों के नलों में पानी की बूंद नहीं टपकी। लोग दिनभर अपना कामकाज छोड़कर पानी के इंतजात में जुटे रहे। हैंडपंप और अन्य स्रोतों पर दिनभर लोगों की कतार लगी रही। इससे क्षेत्रवासियों खासकर गृहणियों की दिनचर्या अस्तव्यस्त रही।
चार वाहनों से दिनभर बांटा पानी
बागेश्वर। मंडलसेरा में पेयजल समस्या के बीच जल संस्थान ने टैंकरों के जरिए पानी बांटा। जल संस्थान ने खुद के एक टैंकर के साथ ही तीन अन्य किराए के वाहन पानी बांटने में लगाए थे। हालांकि सड़क मार्ग पर बसे लोग ही वैकल्पिक आपूर्ति का लाभ उठा सके। जीतनगर आदि टेल में बसे लोगों तक टैंकर नहीं पहुंच सके।