बागेश्वर। नगर के दुग बाजार और इससे लगे मंडलसेरा इलाके में इन दिनों पानी की आपूर्ति चरमराई हुई है। पानी नहीं आने से लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। जल संस्थान पिकप के जरिए पानी का वितरण कर तो रहा है। लेकिन वाहन सड़क तक ही सीमित रह गया है। चढ़ाई वाले इलाकों में पानी नहीं पहुंच पा रहा जिससे वहां के लोग बड़ी परेशानी में हैं। लोगों ने जल संस्थान से लाइन में पानी की नियमित आपूर्ति करने की मांग की है।
लोगों को पानी के लिए श्रीनौला धारे की शरण लेनी पड़ रही है। जो लोग घरों में अकेले हैं उनकी समस्या दोगुनी हो गई है। शनिवार को ईद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी पानी के लिए कई दिक्कतें झेलनी पड़ी। लोगों ने जल संस्थान से योजना के नलों से रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति करने को कहा। उन्होंने आपूर्ति शीघ्र सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।