बागेश्वर। डीएम रंजना की अध्यक्षता में मंगलवार को सस्ता गल्ला विक्रेताओं और पूर्ति निरीक्षकों की बैठक हुई। डीएम ने पूर्ति अधिकारी को सस्ता गल्ला दुकानों में कैशलेस अपनाने के लिए ऐसी दुकानों को चयनित करने को कहा, जहां इंटरनेट सुविधा हो।
डीएम ने दुकानदारों को पॉस मशीन या भीम ऐप के माध्यम से राशन वितरण का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके बाद नई मशीनें क्रय कर जिले के अन्य स्थानों पर भी इस प्रणाली का बृहद प्रचार-प्रसार कर सभी दुकानों में कैशलेस वितरण प्रणाली अपनाने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी जेएस कंडारी ने कैशलेस में आ रही समस्याओं एवं निदान के संबंध में सस्ता गल्ला विक्रेताओं को जानकारी दी।
दुकानदारों द्वारा गोदामों में धर्मकांटे से राशन देने की मांग पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को प्रत्येक गोदाम में धर्मकांटा लगाने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने आधार लिंक की समीक्षा करते हुए कहा कि शत प्रतिशत राशन कार्डों को जल्द से जल्द आधार से लिंक कराने को कहा। बैठक में लीड बैंक अधिकारी रुद्र सिंह रावत, पूर्ति निरीक्षक जीबी पांडे, रवींद्र सिंह, लीना चंद्रा, धर्मेंद्र सिंह धामी आदि थे।