शासन ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र की सात सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए 214.20 लाख रुपये मंजूर कर दिए हैं। विधायक ललित फर्स्वाण ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रावतसेरा-डोबरगाड़ा -धारीमध्या तक सड़क निर्माण के लिए 27.50 लाख रुपये, कपकोट-कन्यालीकोट सड़क के पौंसारी तक पांच किमी सड़क के निर्माण के लिए 32.80 लाख रुपये, कपकोट-हरसीला सड़क से गैरखेत-लखमारा तक पांच किमी सड़क के निर्माण के लिए 32.80 लाख रुपये, कपकोट-ढपटी-झांकरा सड़क के सुधारीकरण के लिए 94 हजार रुपये, मनकोट सड़क से बसेत तक तीन किमी सड़क निर्माण के लिए 25.68 लाख रुपये, कुचौली से झुटौली तक चार किमी सड़क के निर्माण के लिए 22 लाख रुपये और कांडापड़ाव से जोगाबाड़ी-नारायणगूंठ-ढोलागांव-पंकचौड़ा -मनकोट तक पांच किमी सड़क के निर्माण 68.80 लाख रुपये मंजूर किया है।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गत वर्ष के उत्तरायणी मेले के समापन पर इन सड़कों के निर्माण की घोषणा की थी। शासन के सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी ने बजट स्वीकृत करके शासनादेश जारी कर दिया है।