बागेश्वर। गोमती नदी में सीवर डालने वालों के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त रुख अपना लिया है। लोगों की शिकायत के बाद हरकत में आए नगर पालिका प्रशासन ने कहा है ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बस स्टेशन, थाने के पास कुछ घरों, सुलभ शौचालय से निकला सीवर नालियों के जरिए सीधे गोमती नदी में जा रहा है। आस-पास के लोगों की शिकायत पर हरकत में आए नगर पालिका ने सख्त रुख अपना लिया है। पालिका ने पता लगाने का प्रयास किया है कि नदी में गिर रहा सीवर किन-किन घरों से निकल रहा है।
सुलभ शौचालय संचालक को भी सख्त हिदायत दी है कि यदि उसका सीवर नदी में गया तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सुलभ शौचालय संचालक ने सीवर नदी में डालने से इंकार किया है। बताया कि उसका टेंक बना है। इधर नगर पालिका के ईओ राजदेव जायसी ने बताया कि नदी में गंदगी, सीवर डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।