बागेश्वर। भारी बारिश के बीच जिले में तीन और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से एक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। प्रभावितों को गांव के प्राइमरी स्कूल में शरण लेनी पड़ी। जबकि दो मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें से एक परिवार का राशन भी मलबे में दब गया।
जिला आपदा कंट्रोल रूम में रविवार को बारिश से तीन और मकान क्षतिग्रस्त होने की घटना दर्ज हुई। बागेश्वर तहसील के कांडे पटवारी क्षेत्र के नायल गांव में सुंदर राम का आवासीय भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही राशन, बर्तन, कपड़े समेत सभी घरेलू सामान मलबे में दब गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मी ने प्रभावित परिवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय नायल के भवन में शिफ्ट नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। इधर, तहसील के गुरना पटवारी क्षेत्र के गांव नायल में मनुली देवी का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। इसी गांव में जगदीश राम का मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। जगदीश राम के क्षतिग्रस्त मकान के मलबे में राशन भी दब गया। राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना किया और प्रभावित परिवार को दो हजार रुपये की फौरी मदद दी।
बारिश से गरुड़ में दो मकान ध्वस्त हुए
गरुड़ (बागेश्वर)। तेज बारिश से तहसील क्षेत्र में दो आवासीय मकान ध्वस्त हो गए है। राजस्व पुलिस क्षेत्र गरुड़ के अकुणाई गांव निवासी गंगा देवी और छटिया गांव निवासी देवेंद्र कुमार का मकान बारिश से ध्वस्त हो गया है। कानूनगो त्रिभुवन बोरा ने मौके पर जाकर क्षतिग्रस्त मकानों को निरीक्षण किया। क्षति की रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है। एसडीएम गरुड़ ने बारिश के मद्देनजर ग्रामीणों से जर्जर भवनों में न रहने की अपील की है।