बागेश्वर। बुधवार को प्रभारी अधिकारी और उपजिलाधिकारी एसएस राणा के निरीक्षण के बाद नगर पालिका परिषद हरकत में आ गई है। प्रभारी अधिकारी ने पवित्र सरयू के किनारे बने स्नान घाटों में कपड़ा धोने, सुखाने और कूड़ा डालने वालों पर कड़ी नजर रखने के लिए पीआरडी के जवान तैनात कर दिए हैं। पीआरडी जवानों ने घाटों और संगम पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। प्रभारी अधिकारी ने कहा कि जो कोई भी घाटों पर कपड़ा धोते, सुखाते और कूड़ा फेंकते हुए मिलेगा पालिका उससे जुर्माना वसूलने के साथ ही मुकदमा दर्ज भी करेगी।
मालूम हो कि प्रभारी अधिकारी और एसडीएम राणा ने बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। एसडीएम ने ईओ को स्नानघाटों और संगम समेत हर हिस्से की सफाई करने के निर्देश दिए थे। प्रभारी अधिकारी ने स्नान घाटों पर नजर रखने के लिए पीआरडी के जवान तैनात कर दिए हैं।