बागेश्वर। वन विभाग को ग्राम पंचायत धपोलासेरा के बांजझिरौट गांव के पास तेंदुए का सड़ा गला शव बरामद हुआ है। विभागीय अधिकारियों का अनुमान है कि शव डेढ़ महीना पुराना है और तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष में हुई होगी। विभाग ने ग्रामीणों की उपस्थिति में शव का पंचनामा भरकर जला दिया है।
धरमघर वन राजि क्षेत्र के वन दरोगा कैलाश चंद्र जोशी ने बताया कि ग्राम प्रधान शांति आर्या के पति गणेश राम की सूचना पर धपोलासेरा के बांजझिरौट गांव के पास तेंदुए का शव बरामद हुआ। करीब साढ़े तीन साल के तेंदुए की लंबाई साढ़े तीन फीट और ऊंचाई करीब डेढ़ फीट थी।
शव सड़ा गला होने के साथ ही उसमें कीड़े पड़े हुए थे। पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय ले जाने में आ रही दिक्कतों के कारण ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के सामने पंचनामा भरने के बाद शव को मौके पर ही जला दिया गया।