बागेश्वर। कमेड़ीदेवी क्षेत्र से गायब हुई किशोरी नाबालिग प्रेमी के साथ पकड़ी गई। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग किशोर के खिलाफ एससीएसटी और पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि 29 दिसंबर को कमेड़ीदेवी क्षेत्र की 15 वर्षीय छात्रा घर से विद्यालय को निकलने के बाद गायब हो गई थी। खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगने पर छात्रा के पिता की ओर से दो दिसंबर को कमेड़ीदेवी चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस छात्रा की बरामदगी को लेकर प्रयासरत थी। रविवार को पुलिस ने छात्रा को उसके नाबालिग प्रेमी के साथ पकड़ा। छात्रा का मेडिकल कराने के बाद उसके नाबालिग प्रेमी के खिलाफ धारा 363, 366, 376 और पॉक्सो सहित एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद किशोर को बाल सुधार केंद्र अल्मोड़ा भेज दिया गया, जबकि छात्रा को परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच कपकोट के सीओ एमसी जोशी कर रहे हैं।