तल्ला नागकन्याल के 50 परिवार पानी के लिए परेशान
कांडा (बागेश्वर)। तल्ला नागकन्याल गांव के लिए बनाई गई पेयजल योजना के स्रोत में छेड़छाड़ के कारण ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे 50 परिवारों ने तीन दिन के भीतर आपूर्ति सुचारु नहीं करने पर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
कांडा क्षेत्र के तल्ला नागकन्याल के लिए जल संस्थान की ओर से वर्ष 2001 में पेयजल योजना बनाई थी। तब भाकड़पंत के ग्रामीणों ने योजना का लाभ उन्हें भी देने की मांग को लेकर आंदोलन किया था। इसके बाद नागकन्याल के लिए बनी पाइप लाइन से आधा इंच पानी भाकड़पंत गांव को भी दिया गया। कुछ समय पूर्व अराजक तत्वों ने स्रोत में छेड़छाड़ कर दी। इससे नागकन्याल के लिए पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। तल्ला नागकन्याल और कुनेड़ा के 50 परिवार गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। ग्राम प्रधान पुष्पा कांडपाल, वंशीधर कांडपाल, दीप चंद्र, गणेश दत्त, प्रकाश तिवारी, विजय वर्मा, शिखा देवी, हंसी देवी, षष्ठी कांडपाल आदि ने कहा है कि योजना में पानी नहीं आने से उन्हें गाड़-गधेरों का पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी जल संस्थान की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने तीन दिन के भीतर योजना में जलापूर्ति सुचारु नहीं करने पर अनशन करने की चेतावनी दी है।