बागेश्वर। बालीघाट के समीप पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के कार्यकाल में लगा स्वागत बोर्ड प्रशासन ने उतार दिया है। प्रशासन के इस रवैये का विरोध करते हुए पूर्व विधायक ने इसे तानाशाहीपूर्ण रवैया करार दिया है। पूर्व विधायक ने इसकी शिकायत भी प्रशासन से की है। बता दें कि इससे पूर्व गरुड़ के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने छत से पार्टी का झंडा उतारने पर नाराजगी जाहिर की थी।
पूर्व विधायक ने कहा कि जिला प्रशासन कभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों में लगे झंडे उतार रहा है तो कभी स्वागत बोर्ड उतार रहा है। जबकि स्वागत बोर्ड में पार्टी का निशान नहीं है। सिर्फ फोटो लगा है जिसे ढंका जा सकता था। पूर्व में भी आचार संहिता के दौरान बोर्ड को ढंका गया था लेकिन इस बार प्रशासन जानबूझकर कभी झंडे उतार रहा है तो कभी बोर्ड उतार रहा है।
जबकि बालीघाट में लगा बोर्ड निजी नहीं बल्कि विधायक निधि से लगा हुआ है। फिर भी प्रशासन इसे उतार रहा है। कहा, इस आधार पर तो शिलान्यास व लोकार्पण के बोर्ड भी उखाड़े जाने चाहिए। कहा, आचार संहिता समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। साथ ही इसकी शिकायत भी निर्वाचन आयोग व राज्यपाल से की जाएगी।
कोट : आचार संहिता की टीम ने बोर्ड में लगी पूर्व विधायक की फोटो के आधार पर इसे उतार लिया। उनके पास बोर्ड को ढंकने के लिए सामग्री नहीं थी। आचार संहिता खत्म होने के बाद फिर से बोर्ड लगा दिया जाएगा। - राकेश तिवारी, एसडीएम बागेश्वर