बागेश्वर। उत्तराखंड स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व उत्तराधिकारी संगठन ने शासनादेश के तहत प्रत्येक सेनानी परिवार के सदस्य को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में नामित करने की मांग की है।
रविवार को आयोजित बैठक में सेनानी परिवार के सदस्यों ने कहा कि बीसका समिति में जिले से चार सेनानी परिवारों के सदस्यों को नामित किया जाना है। लेकिन कई बार मांग करने के उपरांत भी प्रशासन सेनानी आश्रितों को सदस्य के तौर पर नामित नहीं कर रहा है।
राष्ट्रीय पर्व पर सेनानी परिवारों व आश्रितों को हर साल सम्मानित किया जाए। आश्रितों को सरकारी अस्पतालों में निशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैैया कराई जाए। कहा कि सेनानी परिवारों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति प्रदान की जाए। इस आशय का एक ज्ञापन भी शीघ्र जिलाधिकारी को दिया जाएगा। निर्णय लिया कि 6 व 17 जनवरी को ऋषिकेश व देहरादून में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित कर समस्याओं पर मंथन करते हुए आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा।