बागेश्वर। मजगांव- कमेड़ी देवी- स्यांकोट मोटर मार्ग निर्माण के लिए काटी गई भूमि का मुआवजा 14 साल बाद भी ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। ग्रामीण मुआवजे के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों व जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं।
सड़क निर्माण के दौरान ग्राम मजगांव के किसानों की 120 नाली से अधिक उपजाऊ भूमि कट गई। सड़क निर्माण के दौरान ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया था कि सड़क निर्माण में लगी जमीन का किसानों जल्द मुआवजा दिया जाएगा। लेकिन सड़क निर्माण के 14 साल बाद भी किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य टीएस रावत ने बताया कि मुआवजे की मांग को लेकर कई बार लोनिवि कपकोट व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
प्रधान भागुली देवी, जोगा सिंह, भवानी देवी, भीम सिंह, हरीश रावत, महिपाल रावत, हीरा सिंह, नारायण सिंह, गोविंद सिंह, शेर सिंह, जीवन सिंह, किशन सिंह, हयात सिंह आदि ने लोनिवि के अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। कहा कि मुआवजे का भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो लोनिवि कपकोट के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इधर लोनिवि कपकोट अधिशासी अभियंता संजय पांडे ने बताया कि सड़क निर्माण में लगी जमीन के मुआवजे के भुगतान के लिए कार्रवाई चल रही है।