बागेश्वर। जिले के आंबेडकर गांवों में सर्वे के बाद सालों से सड़क निर्माण का मामला लटका हुआ है। कई बार मांग उठाने के बाद भी सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो रहा। नाराज ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का काम शुरू न होने पर लोस चुनाव बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीणों ने 15 जुलाई से क्रमिक अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी है।
शुक्रवार को मौउडियार, लेसानी, सुंदिल, ग्वातोली जुवायल के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यालय पहुंचकर डीएम को समस्या बताई। कहा कि सालों पहले ग्राम सभाओं में सड़क के लिए सर्वे हो चुका है। लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं किया गया। जबकि सड़क को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। उन्होंने कार्यदायी संस्था लोनिवि पर सड़क के काम को लटकाए रखने का आरोप लगाया।
कहा कि सड़क निर्माण न होने से उन्हें बुनियादी सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण शुरू न होने पर लोक सभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया। साथ ही विरोध स्वरूप 15 जुलाई से ग्राम जुवायल के पीपल पेड़ के पास क्रमिक अनशन पर बैठने की चेतावनी दी। इस दौरान प्रधान विनोद जोशी, कमला देवी, शेर राम, हरीश कांडपाल, हरीश मेहता, पूरन चंद्र, हरि शंकर जोशी, मंजू जोशी आदि थे।
सड़क निर्माण से आवासीय भवनों को खतरा
बागेश्वर। ग्राम पंचायत बघर में सड़क निर्माण से आवासीय भवनों को खतरे की आशंका है। मानसून के दस्तक देने के साथ ही प्रभावित ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है।
शुक्रवार को मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने डीएम को समस्या बताई। ग्रामीण सुंदर सिंह बिष्ट ने कहा कि सड़क कटिंग के बीच उनके आवासीय भवन के धंसने और क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना है। कमोवेश गांव के दर्जन भर से अधिक आवासीय भवन भी खतरे की जद में हैं। कार्यदायी संस्था पीएमजेएसवाई के अभियंता इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। अभी तक सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई है। शिकायत सुनने के बाद डीएम ने कार्यदायी संस्था के अभियंता को मौका मुआयना और सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।