बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विधवाएं अब
एक सहायक के साथ उत्तराखंड परिवहन निगम की वॉल्वो बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। शासन ने परिवहन विभाग को निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीएम रंजना ने बताया कि शासन द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनकी विधवाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित वॉल्वो बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा मुहैया कराई जाएगी। परिचय पत्र के आधार पर यात्रा के दौरान उनके एक सहायक को भी बस में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व उनकी विधवाओं से यात्रा के दौरान यात्रीकर बीमा व अधिभार भी नहीं वसूला जाएगा। मालूम हो कि अभी तक प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनकी विधवाओं के लिए वॉल्वो बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं थी। उन्हें केवल साधारण बसों में ही छूट प्रदान की गई थी। अब वॉल्वो बसों में एक सहायक के साथ मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे। ब्यूरो