जिले के गणियां गांव में सुअरों का जबरदस्त आतंक बना हुआ है। झुंडों में आ रहे जंगली सुअर फसलों और सब्जियों को तहस-नहस कर रहे हैं। सुअरों द्वारा पिनालू के खेत खोद देने से काश्तकारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है।
गांव के अधिकांश परिवार खेती-बाड़ी और सब्जी का उत्पादन कर गुजर-बसर करते हैं। इस वर्ष काश्तकारों की मेहनत पर जंगली सुअरों ने पानी फेर दिया है। हालात यह हैं कि सुअरों ने सब्जियों के खेत तक खोद डाले हैं। पिनालू को खोदकर खाने से सब्जी उत्पादकों को हजारों का नुकसान हो गया है। गांव गरीब मंच के संयोजक विशन सिंह टंगड़िया ने बताया कि हर सीजन में सुअर फसलों और सब्जियों को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने वन विभाग से सुअरों द्वारा फसलों को पहुंचाई जा रही क्षति का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।