खुली बैठक में सड़क-पानी के मुद्दे छाए रहे
कपकोट (बागेश्वर)। ग्राम पंचायत कपकोट की खुली बैठक शनिवार को आदर्श राइंका के सभागार में ग्राम प्रधान पूरन कपकोटी की अध्यक्षता में हुई। इसमें मनरेगा, राज्य वित्त और जिला योजना के तहत होने वाले वाले विकास कार्यों की योजनाओं के प्रस्ताव पारित किए गए।
ग्राम प्रधान कपकोटी ने गांव में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आय-व्यय का ब्योरा रखा और उसकी पुष्टि की गई। बैठक में निर्माणाधीन दूणी सुकुंडा सड़क के निर्माण से प्रभावित पैदल रास्तों का पुनर्निर्माण करने, जिला योजना से बिखाती गांव के लिए दो किमी लंबी सड़क का निर्माण करने, बिखाती गांव और धौलांणी को जोड़ने के लिए पैदल पुल का निर्माण करने, पात्रों के बीपीएल कार्ड बनवाने, बीथी-दूणी-कपकोट ग्रामीण पेयजल योजना से छुरिया पनौरा तोक को लाभान्वित करने, पशु चिकित्सा विभाग से विधवाओं और गरीबों को गाय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, गरीबों को इंद्रा आवास और प्रधानमंत्री आवास निवास के तहत आवास देने की मांग की गई। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में परिवार रजिस्टर ऑनलाइन करने काम चल रहा है।
किसी को अपने नाम और जन्मतिथि आदि में सुधार करना हो तो वह ग्राम पंचायत अधिकारी से संपर्क कर कर सकता है। संचालन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मनोज गोस्वामी ने किया। बैठक में बीडीसी सदस्य तारा कपकोटी, ग्राम विकास अधिकारी दीपक मरवाल, मनरेेगा सहायक ललित जोशी, आंगनबाड़ी, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, हंस फाउंडेशन के कार्यकर्ता, दरबान कपकोटी, प्रकाश कपकोटी, महिमन कपकोटी, लीलाधर उपाध्याय, धन सिंह कपकोटी, भूपाल कपकोटी आदि थे।