बागेश्वर। सूरजकुंड के पास सरयू में नहा रहा एक युवक नदी की तेज बहाव की चपेट में आ गया। युवक उफनाई सरयू की लहरों में आधा किमी तक बहता गया। जिला अस्पताल के पास युवक को नदी से बाहर निकाला गया।
मंगलवार दोपहर जीतनगर निवासी गोविंद राठौर (40) सरयू किनारे नहा रहा था। अचानक वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। इसके बाद वह नदी की उफनाई धारा में आधा किमी आगे तक बहता रहा। राहगीरों ने फायर ब्रिगेड को युवक के नदी में बहने की सूचना दी।
इस बीच कुछ लोग बचाव के लिए जिला अस्पताल के पास नदी के छोर पर एकत्र हो गए। इधर, गोविंद बहते-बहते नदी के दूसरे छोर जा पहुंचा। यहां तट पर बनी सुरक्षा दीवार गोविंद के हाथ लग गई। वह सुरक्षा दीवार पकड़कर खड़ा हो गया। इसके बाद पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक घस्याल आदि युवकों ने गोविंद को नदी से बाहर निकाला।