कपकोट (बागेश्वर)। पीपीपी मोड से हटने के बाद कपकोट का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदहाल हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में मानकों के अनुसार डॉक्टरों सहित अन्य स्टाफ की तैनाती की मांग को लेकर प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा है।
तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा है कि पीपीपी मोड से हटने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए बागेश्वर जाना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पीपीपी मोड में संचालन के दौरान अस्पताल में फिजीशियन, गाइनेकोलाजिस्ट, नेत्र सर्जन, ईएनटी सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित आपात कालीन सेवा डॉक्टर भी तैनात थे।
पीपीपी मोड से हटने के बाद सभी विशेषज्ञ चिकित्सक जा चुके हैं। अस्पताल में स्टाफ की कमी हो गई है। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में नगर अध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, गोविंद बिष्ट, चामू देवली, हरीश कपकोटी, गोविंद तिरुवा, कुलदीप वर्मा, तनुज तिरुवा, भूपेश ऐठानी आदि शामिल थे।