बागेश्वर। कौसानी चाय बागान को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने को लेकर डीएम रंजना राजगुरू ने चाय बागान प्रबंधक और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रबंधक टी बोर्ड को चाय बागान को टी टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में सौंदर्यीकरण की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने ट्रैक पर पर्यटकों की सुविधा के लिए टीआरसी से कौसानी चाय फैक्ट्री तक पैदल मार्ग का निर्माण मनरेगा के तहत करने के निर्देश दिए। अप्रैल माह तक चाय बागान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। पर्यटकों के बैठने के लिए बैंचों, शौचालयों के निर्माण का सुझाव दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकृतियों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय संस्कृति से संबंधित कलाकृतियां भी बागान में लगाई जाएं। उन्होंने चाय फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने तालाबों की सफाई कर उसमें मछली पालन का सुझाव दिया। उन्होंने चाय बोर्ड के प्रबंधक एवं अधिकारियों को नौ माह में टी टूरिज्म हब तैयार करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती, अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल, जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक, खंड विकास अधिकारी गरुड़ बीसी पंत, आजीविका प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय, विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।