बागेश्वर। डीएम ने अवैध खनन रोकने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कमेटी गठित कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खान अधिकारी को आवंटित पट्टा धारकों को खुदान के आदेशों का पालन कराने के लिए खड़िया खानों में खनन से पहले सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए।
एक अक्तूबर से शुरू होने जा रहे खनन कार्य के सही क्रियान्वयन को लेकर आयोजित बैठक में डीएम रंजना ने संबंधित अधिकारियों के साथ खनन चुगान के लिए आवंटित किए जाने वाले पट्टे और लाट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध खनन न हो, अधिकारी इस बात का खास ख्याल रखें।
खान अधिकारी को चेक लिस्ट तैयार कर चेकिंग टीम उपलब्ध कराने और पुलिस विभाग को अभियान चलाकर खनन क्षेत्रों की चेकिंग के निर्देश दिए। खड़िया ले जा रहे वाहनों की सघन चेकिंग कर ई-रवन्ना उपलब्ध न होने पर वाहन को सीज करने को कहा।
खान अधिकारी ने बताया कि रवन्ने की जांच करने लिए माइनिंग गार्ड ऐप तैयार किया गया है। इसमें वाहन का नंबर फीड किया गया है, जिसे डाउनलोड कर जानकारी मालूम हो सकेगी। बैठक में एसडीएम श्याम सिंह राणा व गरुड़ के सुंदर सिंह, खान अधिकारी रवि सिंह नेगी, कांडा के तहसीलदार मैनपाल सिंह, ईई सिंचाई केएन सती, वन दरोगा प्रयाग दत्त भट्ट आदि थे।