बागेश्वर। विभिन्न मदों में सालों बाद भी भुगतान न मिलने और टिन की आपूर्ति में ढिलाई पर लीसा ठेकेदार भड़क उठे हैं। उन्होंने डीएफओ कार्यालय में विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने 17 अगस्त से अनशन, तालाबंदी, आंदोलन शुरू करने की चेेतावनी दी।
लीसा वेलफेयर सोसाइटी के नेतृत्व में ठेकेदारों ने शुक्रवार को डीएफओ कार्यालय परिसर में प्रदर्शन के साथ ही सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से उन्हें कटौती के बाद भी टीडीएस का भुगतान नहीं किया गया है। इसी तरह नाप लीसे का वर्ष 2014 से भुगतान नहीं किया। विभाग की ढिलाई से गुजरे सालों में समय पर टिन नहीं मिल पाए। नुकसान से बचने के लिए जैसे-तैसे टिन का बंदोबस्त किया। विभाग ने टिन खरीद की एवज में भी ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया।
विभाग की लापरवाही से इस बार भी वहीं नौबत आई है। सीजन शुरू होने के बाद भी 50 फीसदी ठेकेदारों को टिन नहीं मिल पाए हैं। इससे लीसा दोहन नहीं हो पा रहा है। ठेकेदारों ने जल्द से जल्द लंबित भुगतान और टिन मुहैया कराने की मांग की। ऐसा न होने पर 17 अगस्त से डीएफओ कार्यालय परिसर में अनशन के साथ ही तालाबंदी करने की चेतावनी भी दी। इस दौरान विशन दत्त, महेंद्र सिंह, बचीराम, विनोद चंद्र भट्ट, देवीदत्त पाठक, गोकुल प्रसाद, नरेंद्र सिंह, खीम सिंह, आनंद सिंह, तारा दत्त, मोहन सिंह रावत आदि थे।