बागेश्वर। सीट न होने के चलते महाविद्यालय में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। मांग की तुलना में पर्याप्त सीट न होने से कई विद्यार्थी स्नातक में विज्ञान की पढ़ाई से वंचित हो गए हैं। अब इन विद्यार्थियों ने प्राचार्य से बीए में ही प्रवेश दिलाने की गुुहार लगाई है।
छात्र संघ पदाधिकारियों के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने शुक्रवार को प्राचार्य से वार्ता की। छात्रों ने बताया कि 64 फीसदी लाने वाले छात्रों को भी प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। अब ऐसे विद्यार्थियों के सामने बीए विषय का ही चुनाव बचा है। विज्ञान संकाय के ऑनलाइन आवेदकों ने प्राचार्य से बीए की कक्षाओं में प्रवेश देने की मांग की। उन्होंने वरीयता के आधार पर विज्ञान संकाय के छात्रों को प्रवेश देने की गुहार लगाई।
इस दौरान मनीष कुमार, शशांक वर्द्धन, प्रमोद कुमार, विनोद वर्मा, तनुज जोशी, अभिजीत प्रकाश, अंकुर उपाध्याय, पंकज देव, कैलाश खड़ाई, सागर गोस्वामी, कवींद्र, धीरज आदि थे।