कपकोट (बागेश्वर)। एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने ग्राम पंचायत कपकोट के किडनी रोगी चंचल सिंह कपकोटी के इलाज के लिए 51 हजार रुपये का चेक उनकी पत्नी को भेंट किया है। एसडीएम ने बताया कि चंचल के उपचार के लिए बाराही स्टोन क्रशर की ओर से 31 हजार रुपये, एनएस कॉर्पोरेशन से 10 हजार रुपये, कटियार माइंस, सुबोध साह बागेश्वर की ओर से पांच-पांच हजार रुपये भेंट किए गए हैं।
चंचल बचाओ अभियान से जुड़े हरीश कपकोटी ने बताया कि चंचल के इलाज के लिए विभिन्न लोगों के सहयोग से अब तक 6.50 लाख रुपये चंचल के बचत खाते में जमा हो चुके हैं। चंचल का दिल्ली के एम्स में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उपचार में 15 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान है। उन्होंने लोगों से चंचल की जिंदगी बचाने के लिए खुलकर सहयोग करने की अपील की है।