भारी वाहनों के चलने से खराब हुई सड़क
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। दूरसंचार कंपनियों ने कांडा-रावतसेरा-बांसपटान सड़क के किनारे ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछाने के लिए कई जगह खुदान किया है। खुदान के बाद कंपनियों ने गड्ढे को कई जगह मिट्टी डालकर ढका है तो कई गड्ढे को खुला छोड़ दिया है। इससे सड़क के किनारे डामर उखड़ने की आशंका है। लोगों ने प्रशासन से गड्ढों को अच्छी तरह ढकने के लिए कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देने की मांग की है।
कमस्यार क्षेत्र को ओएफसी से जोड़ने के कांडा-रावतसेरा-बांसपटान सड़क के लिए गड्ढा खुदान का काम जोरों पर है। पहले चरण में खुदान रावतसेरा से धारीमध्य तक होना है। इन दिनों कांडा से सिमकूना तक ओएफसी बिछाने का काम जोरों पर है। खुदान में जेसीबी लगी है। कंपनी के कारिंदों ने कई जगह ओएफसी लाइन बिछाने के बाद उसे मिट्टी से ढक दिया है जबकि कई जगह खुला छोड़ दिया है। गड्ढा खुदान से निकली मिट्टी बिखरी पड़ी है। इससे सड़क से बेतरतीब ढंग से धूल उठ रही है। बारिश के समय मेें सड़क कई जगह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। गड्ढा खुदान से सड़क कई जगह संकरी भी हो गई है। वहां से वाहन चलाने में परेशानियां हो रही हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से दूरसंचार कंपनियों को केबल समय पर बिछाकर गड्ढों को ठीक से भरान करवाने के निर्देश देने की मांग की है। मांग करने वालों में जिला पंचायत सदस्य गोपाल राम, कमस्यार संघर्ष समिति के अध्यक्ष सतीश उप्रेती, दीप कांडपाल, दयाल नेगी, पूर्व जिपं सदस्य आनंदी देवी, बहादुर सिंह राठौर आदि थे।