बागेश्वर। बहुजन समाज पार्टी ने बागेश्वर नगरपालिका के परिसीमन में वार्डों के क्षेत्रफल एवं जनसंख्या के आधार पर वार्ड निर्धारण करने की मांग करते हुए शहरी विकास विभाग को ज्ञापन भेजा है। कार्यकर्ताओं ने पालिका में वार्डों की संख्या 11 से बढ़ाकर 14 करने की मांग की है।
जिलाधिकारी के माध्यम से शहरी विकास विभाग को भेजे ज्ञापन में बसपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बागेश्वर नगरपालिका के विस्तार में भौगोलिक परिस्थिति को अनदेखा किया गया है। जिससे वार्डों का क्षेत्रफल दो से ढाई किमी तक हो गया है। इनमें मंडलसेरा दक्षिणी वार्ड, चंडिका वार्ड और कठायतबाड़ा वार्ड शामिल हैं। सभी वार्डों में विकास कार्य हों और नगरवासियों को सुविधाएं मिल सके इसके लिए वार्डों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में बसपा के जिला प्रभारी किशन विश्वकर्मा, भाष्कर टम्टा, नंदन कोहली, विजय कुमार, पंकज कुमार, मंजू, निशा देवी, अंजू राज आदि थे।